फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थी सूची में शामिल लोगों से वसूली करने वाले फर्जी सर्वेयरों पर शिकंजा कसा जाएगा। लगातार शिकायतों के बाद योजना की कार्यदायी संस्था के सर्वेयर व अन्य कर्मचारियों के नाम व फोटो निकाय क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा कराई गई है। ताकि लाभार्थी किसी अन्य के झांसे में नहीं आ सके।
पीएमएवाई शहरी के लाभार्थियों से सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने एवं भवन निर्माण की किश्त दिलाने के नाम अवैध वसूली की शिकायतें हैं। कई लाभार्थियों व लाभार्थी सूची में शामिल आवेदकों ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन के समक्ष भी दर्ज कराईं। हाल ही में कार्यदायी संस्था के नाम पर फर्जी सर्वेयर एक महिला व एक अन्य व्यक्ति को लोगों से वसूली करते पकड़ा भी गया। जिलाधिकारी ने लोगों से वसूली में लगे फर्जी सर्वेयरों पर सख्ती के निर्देश दिए हैं।
लाभार्थियों के भवनों का नक्शा एवं उनके प्रपत्र सत्यापन को नामित संस्था एसबीएनजी और जेएस दलाल नामक कंपनी के कर्मचारियों सूची निकाय क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की गई है। सूची में कार्यदायी संस्था के सर्वेयरों के नाम के साथ उनके फोटो व मोबाइल नंबर भी अंकित कराए गए हैं। ताकि पीएमएवाई लाभार्थियों से सर्वे के नाम पर वसूली नहीं कर सकें। पीओ डूडा सुभाषवीर सिंह राजपूत ने बताया कि विभिन्न निकाय क्षेत्रों में पीएमएवाई लाभार्थियों से अवैध वसूली करने वाले फर्जी सर्वेयर से लोग सावधान रहें। कार्यदायी संस्था एसबीएनजी व जेएस दलाल के कर्मचारियों की सूची चौराहों पर लगाई है। ताकि लोग भ्रमित होकर किसी अन्य के झांसे में नहीं आएं।