फिरोजाबाद। बिजली कटौती के चलते 24 घंटे में दो बार डब्ल्यूटीपी सैलई से होने वाली जलापूर्ति में कट लग गया। बुधवार की रात और बृहस्पतिवार की दोपहर दो बार हुई बिजली कटौती के कारण प्लांट करीब आठ घंटे बंद रहा। इसका असर शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति पर दिखा।
बुधवार की रात करीब 11 बजे डब्ल्यूटीपी सैलई पर होने वाले बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली आपूर्ति में कट की वजह से डब्ल्यूटीपी करीब चार घंटे बंद रहा। वहीं बृहस्पतिवार की दोपहर फिर से डब्ल्यूटीपी सैलई पर बिजली आपूर्ति में कट लग गया। इसका असर बृहस्पतिवार की शाम शहर में होने वाली जलापूर्ति पर पड़ा। शहर में स्थापित पेयजल टंकियां नहीं भर पाने से तिलक नगर, विभव नगर, आर्यनगर,सरस्वतीनगर, कैलाश नगर, मथुरा नगर, नई बस्ती आदि इलाकों में लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ा।
डब्ल्यूटीपी सैलई बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसका कारण शहरी क्षेत्र में पेयजल टंकियां नहीं भर पाईं। उम्मीद है कि शुक्रवार से जलापूर्ति सुचारू हो जाएगी। - सतीश कुमार एक्सईएन निर्माण