पार्क में सीडब्ल्यूआर बनाना गलत
- फोटो : अमर उजाला
विभव नगर कल्याण समिति के अध्यक्ष राम नरेश कटारा, सचिव सुनील पैगोरिया एवं कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गोस्वामी ने कालोनी के पार्क में नगर निगम द्वारा जबरन सीडब्ल्यूआर बनाने के निर्णय का विरोध किया। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी पानी की आपूर्ति को बंद करने की बात कहकर दबाव में लेना चाहते हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विभव नगर कालोनी स्थित पुलिस चौकी के समीप वाले पार्क को विकसित कराने के नाम पर नगर निगम ने सर्वे सिर्फ कागजी किया था। नगर निगम एवं प्राधिकरण के अफसरों ने कोई सुनवाई नहीं की। 16 अप्रैल को नगर निगम, जल निगम के द्वारा पार्क में सीडब्ल्यूआर बनाने की तैयारी बिना किसी सहमति के शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने निगम की नाप-जोख का विरोध किया तो क्षेत्र में फोर्स भेज दिया। कालोनी में पहले से 15 लाख लीटर क्षमता की टंकी व सीडब्ल्यूआर पहले से बना है। ये टंकी व सीडब्ल्यूआर तक नहीं भर पाते हैं। इनका ही उपयोग सही ढंग से नहीं हो पा रहा है। नगर निगम एवं जलनिगम के अफसरों को इसकी जानकारी दी तो उन्होंने कालोनी बाशिंदों को पानी की सप्लाई देने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्थापित पेयजल टंकी यदि चालू हो जाए तो फिर दूसरी स्थापित करने की जरूरत नहीं होगी। पार्क में सीडब्ल्यूआर के बनाए जाने के कारण पर्यावरण को काफी हानि होगी। डा.राजेंद्र शर्मा के अलावा काफी लोग मौजूद थे।