फिरोजाबाद। मीरा चौराहे के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की सूचना पर शनिवार दोपहर बाद परिजन शाहजहांपुर से फिरोजाबाद पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
जनपद शाहजहांपुर के गांव नीमगंज निवासी 45 वर्षीय प्रदीप सक्सेना लाइनपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मीरा चौराहे के समीप एक फैक्टरी में काम करता था। शुक्रवार देररात वह मीरा चौराहे के समीप से हाईवे पार कर रहा था। तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगाें की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और युवक के परिजनों को सूचना दी। हादसे में युवक की मौत की सूचना पर शनिवार दोपहर परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। थानाध्यक्ष लाइनपार विनोद कुमार का कहना है कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।