मक्खनपुर। थाना क्षेत्र के इंदुमई के पास बाइक सवार चाची-भतीजे को सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरी महिला के दोनों पैरों के ऊपर से तेज रफ्तार ट्रक का पहिया निकल गया। हादसे में महिला के दोनों पैर कुचल गए। पुलिस ने महिला को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव दिखतौली निवासी उपेंद्र अपनी चाची राजवती के साथ बाइक पर सवार होकर कोर्ट से तारीख निपटाकर अपने गांव दिखतौली लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक मक्खनपुर क्षेत्र के इंदुमई के पास पहुंची, तभी एक अन्य बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही राजवती सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक का पहिया उनके दोनों पैरों के ऊपर से चढ़ गया। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
महिला को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया और ट्रक को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क पर दो बाइकों की टक्कर के बाद महिला गिरकर ट्रक की चपेट में आ गई थी। घायल महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।