महिला ने एंबुलेंस में ही दिया बच्चे को जन्म
फिरोजाबाद। कोटला सीएचसी पर जांच कराने पहुंची गर्भवती को हाल में प्रसव न होने की बात कहकर घर भेज दिया। महिला घर पहुंची तो प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने एंबुलेंस बुला रही। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया।
गांव जैतपुरा निवासी रतमता (23) पत्नी धर्मेंद्र कुमार गर्भवती है। मंगलवार सुबह वह कोटला सीएचसी पर जांच कराने पहुंची। एएनएम ने महिला को भर्ती करने के बजाय वापस घर भेज दिया। जब रतमता घर पहुंची तो कुछ देर बाद ही प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजनों ने 102 नंबर डायल कर एंबुलेंस को बुलाया, लेकिन कोटला पर तैनात एंबुलेंस व्यस्त होने के कारण नहीं पहुंची। फिरोजाबाद से एंबुलेंस को भेजा गया। परिजन महिला को एंबुलेंस से अस्पताल ला रहे थे, तभी प्रसव पीड़ा तेज हो गई। एंबुलेंस स्टाफ ने एंबुलेंस को रास्ते में ही रोककर प्रसव कराया।
प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की जांच के लिए कोटला सीएचसी पहुंचे। एएनएम ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद महिला को घर भेज दिया, जबकि सीएचसी पर प्रसूताओं को 24 घंटे भर्ती करने का नियम है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए। मॉनिटरिंग लगातार की जाए। इसके लिए हम एएनएम को निर्देशित करेंगे। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।