आंधी से खेत में टूटा पड़ा विद्युत पोल। संवाद
- फोटो : आंधी से खेत में टूटा पड़ा विद्युत पोल। संवाद
फिरोजाबाद। तेज आंधी में द्वारिकापुर, निकाऊ एवं कनवारा मार्ग पर लगे विद्युत खंभे टूट जाने से करीब 40 गांवों की ट्यूबवेल लाइन बाधित हो गई है। इससे किसानों के नलकूप बंद पड़े हैं और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में पानी की समस्या बढ़ने से पशु-पक्षियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को शाम तेज आंधी चली थी। इससे कई पोल टूटकर खेत में ही गिर गए। द्वारिकापुर, कनवारा, सांखिनी, दुगना सहित आसपास के कई गांव इस समस्या से प्रभावित हैं। खेतों में समय पर सिंचाई न होने से फसलों पर असर पड़ने लगा है। पशुपालकों को पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करने में भी कठिनाई उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले और कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे किसानों में नाराजगी बनी हुई है।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री ठा. वीपी सिंह चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं किसानों ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को शिकायत पत्र भेजकर टूटे विद्युत खंभों का शीघ्र सुधार कर ट्यूबवेल लाइन चालू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान न होने पर ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।