फिरोजाबाद/मक्खनपुर। पति और बच्चों को कमरे में बंदकर महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव नवादा निवासी प्रीति (30) की शादी करीब दस साल पूर्व प्रीति का विवाह नेत्रपाल के साथ हुआ था। बृहस्पतिवार को प्रीति ने अपने दिव्यांग पति और बच्चों को कमरे में बंदकर साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी पर नेत्रपाल की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मकान के बाहर दुकान करने वाला दुकानदार छत के रास्ते मकान में घुसा और कमरे का दरवाजा खोलकर नेत्रपाल और बच्चों को बाहर निकाला।
सूचना पर थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रीति के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नेत्रपाल ने पुलिस को बताया कि करीब 12 वर्ष पूर्व उसका विवाह प्रीति की बड़ी बहन संतोष देवी के साथ हुआ था। संतोष देवी और नेत्रपाल के कोई औलाद नहीं थी। इस पर संतोष देवी ने ही अपनी बहन प्रीति का विवाह करीब दस वर्ष उससे कराया था।
प्रीति और नेत्रपाल के दो बेटी व एक बेटा है। नेत्रपाल ने बताया कि संतोष देवी की मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार का कहना है कि प्रीति का मायका आगरा के डौकी थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा में है। शव को पोस्टमार्टम को भेजकर मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। यदि मायका पक्ष तहरीर देता है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।