गेहूं खरीद के लिए 63 खरीद केंद्र स्थापित
67000 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य मिला जिले को
2015 रुपया समर्थन मूल्य तय
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले में आज से 63 केंद्रों पर गेहूं की खरीद होगी। जिला प्रशासन की ओर से गेहूं खरीद केंद्र स्थापित किए जाने के साथ किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने में विभागीय अधिकारी जुट गए हैं। गेहूं खरीद का लाभ सीधे किसानों को मिले, इसके लिए केंद्रों पर ई-पॉश मशीन लगाई जा रही हैं। किसान का अंगूठा लगाने के बाद ही गेहूं की खरीद हो सकेगी।
जिला प्रशासन ने गेहूं खरीदने की तैयारी पूरी कर ली गई है। किसानों का गेहूं खरीदने के लिए समर्थन मूल्य 2015 रुपया शासन ने तय किया है। किसानों का गेहूं खरीदने के लिए जिले में 63 खरीद केंद्रों की स्थापना की गई है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी गोरखनाथ यादव ने बताया कि गेहूं खरीद की सभी तैयारी पूरी की जा रही है। खरीद केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक कांटे के साथ पीने के पानी की व्यवस्था आदि की जा रही है। जिसे किसानों को कोई दिक्कत का सामना न हो। जिले में स्थापित किए जा रहे 63 खरीद केंद्रों में दो केंद्र भारतीय खाद्य निगम,19 केंद्र खाद्य विभाग तथा 42 केंद्र पीसीएफ के द्वारा स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप खरीददारी की जाएगी। जिले का लक्ष्य 67000 मीट्रिक टन तय किया गया है।