श्रीराम कॉलोनी में लीकेज ठीक करने के लिए गडढा खोदता कर्मचारी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित श्रीराम कॉलोनी में लीकेज पाइप लाइन को ठीक करने के लिए जल निगम की टीम शुक्रवार सुबह पहुंची। तीन स्थानों पर लीकेज मिला है। दो लीकेज को ठीक कर दिया गया। पानी की टंकी के समीप लाइन लीकेज को ठीक नहीं किया जा सका है। इस पर काम चल रहा है। लीकेज पाइप लाइन के कारण क्षेत्र में पिछले काफी समय से दूषित पानी की सप्लाई होने से लोगों को दिक्कत आ रही है। इस समस्या को शुक्रवार के अंक में अमर उजाला द्वारा प्रकाशित किया गया।
लाइन लीकेज होने से जहां करीब चार हजार की आबादी प्रभावित है। लोग दो सौ से तीन सौ रुपये प्रतिमाह देकर निजी सबमर्सिबल से पानी लेने को विवश हो रहे थे। जबकि लाइन लीकेज की जानकारी क्षेत्रीय लोगों द्वारा कई बार जल निगम के अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन लीकेज ठीक नहीं हुए। अमर उजाला द्वारा शुरू की गई मुहिम के बाद शुक्रवार को जहां जलकल विभाग की जेटिंग मशीन से पानी की निकासी के साथ ही जल निगम द्वारा दो लीकेजों को शाम पांच बजे तक ठीक करा दिया गया। वहीं पानी की टंकी के समीप मिली तीसरी लीकेज को ठीक कराने के लिए जल निगम की टीम लगी हुई थी। जेई निखिल कुलश्रेष्ठ का कहना है कि दो लीकेज ठीक करा दिए हैं। तीसरी लीकेज ठीक होने के बाद आपूर्ति शुरू कराकर लाइन को चेक किया जाएगा। यदि फिर भी पानी की आपूर्ति दूषित पाई जाती है तो लाइन को चेक किया जाएगा।