पत्रकार वार्ता में जानकारी देते अखिलेश यादव फ्रंट के नेता।
सपा में रार थम नहीं रही है। जिला संगठन के समानांतर सपा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के समर्थकों द्वारा बनाए गए अखिलेश यादव समाजवादी फ्रंट के संरक्षक मंडल में एमएलसी डा. दिलीप यादव और ठा. उदयवीर सिंह शामिल किया गया है। अब फ्रंट के सदस्यों की संख्या 51 से बढ़ कर 101 हो गई है।
फ्रंट के संस्थापक अंशुल विक्रम सिंह, कल्लू गुर्जर, रामवीर सिंह यादव, योगेंद्र सिंह यादव सोनू के साथ नए संरक्षक डा. दिलीप यादव ने कहा कि फ्रंट के गठन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जोड़ना है। फ्रंट के साथ जिले में बड़ी संख्या में युवा वर्ग जुड़ रहा है। उन्होंने कहा नौजवान सांसद अक्षय यादव के मिशन ‘अखिलेश यादव मुख्यमंत्री हों दोबारा’ की शुरूआत दो जनवरी से फ्रंट की ओर से की जाएगी। दो से छह जनवरी तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में तीन लोहिया गांव प्रतिदिन और डिग्री कालेजों में मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सिरसागंज विधानसभा में दो जनवरी को, जसराना में तीन जनवरी, शिकोहाबाद विधानसभा में चार जनवरी और टूंडला में पांच जनवरी व छह जनवरी को सदर विधानसभा के सभी डिग्री कालेजों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वार्ता में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमेशचंद्र चंचल, बंटू कठेरिया, रामप्रताप सिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे। इस दौरान फ्रंट से जोड़े गए 51 नए सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई है।