चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों ने शनिवार को श्रम कार्यालय पर समझौते के अनुसार 1950 रुपये प्रति सैकड़ा तोड़ा की दर से मजदूरी का भुगतान कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।
सहायक श्रमायुक्त, सेवायोजकों एवं श्रम संगठन के बीच हुई वार्ता में समझौते के बाद भी चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों को निर्धारित मजदूरी नहीं मिल रही है। इससे श्रमिकों में असंतोष है। चूड़ी जुड़ाई श्रमिक शनिवार को एकत्रित होकर श्रम कार्यालय पहुंचे। यहां सेवायोजकों के खिलाफ नारेबाजी की और सहायक श्रमायुक्त नदीम अहमद को 10 सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा। श्रमिकों ने मांग की कि जनवरी-17 से 1950 रुपये की दर से तत्काल भुगतान कराया जाए। 14 तोड़ों पर एक लीटर मिट्टी का तेल दिलाया जाए। 100 तोड़े पर लगने वाले 16 श्रमिकों की मजदूरी के निर्धारण के लिए एक कमेटी गठित की जाए। चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों की छंटनी बंद की जाए। श्रमिकों को चेक द्वारा भुगतान कराया जाए। चटक भंगार के नाम पर होने वाली कटौती बंद की जाए। जुड़े तोड़े कारखाने के स्टॉक पर जमा कराएं। श्रमिकों का दो लाख का बीमा कराया जाए। सूरज सिंह, सुरेशचंद्र, रामदास मानव, कायम सिंह, रामनरेश शंखवार, दिनेश, गिरीश, लज्जाराम, श्याम सिंह, संतोष कुमार, राजेश कुमार, राजबहादुर, सुनील कुमार, श्रीकिशन, इसरार आरिफ, खलील आदि मौजूद रहे।