टूंडला। मान्यता प्राप्त रेल यूनियन चुनाव को लेकर शुक्रवार को तीसरे अंतिम दिन जमकर मतदान हुआ। शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच सील किया गया। इसके साथ ही मतपेटिकाओं को मतगणना के लिए प्रयागराज भेजा गया। 12 दिसंबर को मतगणना होगी और मतगणना खत्म होने पर यूनियन की घोषणा की जाएगी।
रेल यूनियन के चुनाव के लिए चार दिसंबर सुबह आठ बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी। दो दिन हुए मतदान के बाद अंतिम दिन शुक्रवार को शाम छह बजे तक मतदान कराया गया।तीन दिन में 3496 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था, लेकिन शुक्रवार शाम छह बजे तक कुल 2840 मतदाताओं ने ही मताधिकार का प्रयोग किया। शुक्रवार को दो बूथ स्टेशन अधीक्षक कार्यालय और पाॅवर केबिन बूथ पर मतदान किया गया।
शुक्रवार शाम को एसएस कार्यालय स्थित बूथ पर 173 और पावर केबिन बूथ पर 154 वोट पड़े। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस बीच एनसीआरएमयू के शाखा मंत्री जयकिशन अजवानी ने कहा कि इस बार उनकी जीत निश्चित है। एनसीआरएमयू कर्मचारियों के हित की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी। वहीं एनसीआरईएस के पदाधिकारियों ने नारेबाजी करते हुए जीत होने का दावा किया।
मान्यता के लिए ये यूनियन हैं चुनाव मैदान में
टूंडला। मान्यता प्राप्ति के लिए हो रहे चुनाव में नार्थ सेंट्रल रेलवे मैंस यूनियन (एनसीआरएमयू) चुनाव चिह्न लैंप, नार्थ सेंट्रल रेलवे इंपलाइज संघ (एनसीआरईएस) चुनाव चिह्न उगता सूरज, नार्थ सेंटर रेलवे कर्मचारी संघ (एनसीआरकेएस) चुनाव चिह्न गुलाब का फूल, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ (यूएमआरकेएस) चुनाव चिह्न मुट्ठी,और स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन (एसआरबीकेयू) चुनाव चिह्न किताब पेन भाग ले रही हैं।