कार हटाने को लेकर नगर निगम के चालक से की गई अभद्रता की सूचना पर सुहागनगर पहुंची नगर निगम की प्रवर्?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। रास्ते से कार हटाने को कहने पर कार स्वामी ने नगर निगम के टैंकर चालक से अभद्रता कर दी। क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि ने विरोध किया तो कार मालिक ने पार्षद प्रतिनिधि पर राइफल तान दी। सूचना पर नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रवर्तन दल की टीम ने कार हटवाकर टैंकर को निकलवाया। बताया जा रहा है कि आरोपी कार मालिक भाजपा में पदाधिकारी है।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सुहागनगर पैगोरिया वाली गली में सीवर लाइन चोक हो गई थी। सीवर लाइन की सफाई के लिए पार्षद रामकली ने नगर निगम से टैंकर मंगाया था। इस दौरान गली में एक कार खड़ी थी। टैंकर चालक राशिद खां ने कार में बैठे चालक से कार को आगे पीछे करने को कहा कार चालक ने सुनवाई नहीं की। तभी कार मालिक दीपक मौके पर पहुंच गया और उसने टैंकर चालक से अभद्रता कर दी। इस पर पार्षद रामकली के प्रतिनिधि हरी सिंह ने घटना का विरोध किया। आरोप है कि इस पर दीपक घर से राइफल निकाल लाया।
कार मालिक ने हरी सिंह पर राइफल तानते हुए अभद्रता कर दी। सूचना पर नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम भी पहुंच गई। पार्षद प्रतिनिधि हरी सिंह ने बताया कि टीम को देख आरोपी मौके से भाग गया। प्रवर्तन दल की टीम ने कार को मौके से हटवाकर टैंकर को निकलवाया। पार्षद प्रतिनिधि हरीसिंह ने आरोपी कार मालिक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी दक्षिण श्याम सिंह ने कहा कि सुहागनगर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में के पार्षद के परिजन एवं दीपक के मध्य विवाद के मामले में दोनों पक्षों ने तहरीर आई है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।