किसानों के हितों के लिए मौत से भी टकराना पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे। प्रशासन की हठ को तोड़ने के लिए तीन जून को महाआंदोलन किया जाएगा। यह बात भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश अध्यक्ष ओमपाल सिंह ने किसान हित में चलाए जा रहे धरना-प्रदर्शन में कही।
उन्होंने कहा कि आंदोलन को तेज धार देने के लिए दो जून को क्षेत्र में रोड शो किया जाएगा। रोड शो से किसानों को जागरूक करते हुए आंदोलन में बिगुल फूंकने का मंत्र दिया जाएगा। जिला संरक्षक होडल सिंह और पूर्व महामंत्री हरिपाल शर्मा ने कहा कि तीन जून को दोपहर 12 बजे तक यदि डीएम एटा और फीरोजाबाद सहित एमडी विद्युत, एक्सईएन जल निगम, एक्सईएन सिंचाई विभाग और एक्सईएन पीडब्ल्यूडी मौके पर नहीं पहुंचे तो युवा कार्यकर्ता टूंडला-एटा मार्ग पर फर्श डालकर रोड जाम कर देंगे। इसके बाद भी अधिकारियों के नहीं आने पर घरों का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसानों की लड़ाई है। इसमें किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो जून को प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रताप सिंह के नेतृत्व में युवा कार्यकर्ताओं द्वारा रोड शो किया जाएगा। इसमें प्रदेश कार्यालय से इसौली-जलेसर, सकरौली से रिजावली और पचोखरा, पचोखरा से नारखी से प्रदेश कार्यालय उम्मरगढ़-इमलिया तक रोड शो किया जाएगा। इसमें लगभग 50 गाड़ियां शामिल होंगी। धरने पर हरिपाल शर्मा, भंवरपाल सिंह, अभिषेक सिंह, लक्ष्मी सिंह, अजय प्रताप सिंह, कुंवरपाल सिंह, होती लाल, तुर्रम यादव, जेपी सिंह, नागेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, हुकुम सिंह आदि उपस्थित रहे।
फोटो-टूंडला के गांव इमलिया-उम्मरगढ़ में भाकियू के प्रदेश कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करते भाकियू नेता व किसान-3,4