टूंडला। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव रसूलाबाद में बीएलओ द्वारा करीब 200 युवाओं के वोट काटे जाने को लेकर ग्रामीणों ने बीएलओ के विरुद्ध जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि बीएलओ द्वारा जानबूझकर युवा वोटरों के नाम मतदाता सूची से काटे हैं।
रसूलाबाद के ग्रामीणों का आरोप था कि उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलाबाद बीएलओ जय सिंह द्वारा गांव के करीब दो सौ युवाओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। इसके चलते वह मतदान करने से वंचित रह गए।
जब इस संबंध में बीएलओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कोई संपर्क नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूची से नाम गायब होने पर ग्रामीणों ने बीएलओ के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। साथ ही बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में चिन्नू राम, सेवाराम, सुनील कुमार, थान सिंह, महावीर सिंह, मुंशीलाल, रंधीर सिंह, देवेंद्र सिंह, विशंभर सिंह, होती लाल, मुकेश कुमार, संतोष कुमार, हरी शंकर आदि प्रमुख रूप से रहे।