जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव छोटू ने शपथ के साथ जिला पंचायत की कमान संभाल ली। जिलाधिकारी निधि केसरवानी ने छोटू यादव को पद की शपथ दिलाई। इसके साथ वार्डों से चुनकर आए जिला पंचायत के सदस्यों ने भी शपथ ली। नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिले में विकास का वादा किया।
गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय परिसर में के बाहर बने पंडाल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। मंचासीन अतिथियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। डीएम निधि केसरवानी ने जिला पंचायत अध्यक्ष विजयप्रताप छोटू को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय प्रताप ने पहले महिला सदस्यों और बाद में पुरुष सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए सपा के सिरसागंज विधायक हरिओम यादव ने कहा कि सीट मिलने के बाद उसे बनाए रखना उतना ही कठिन है। सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव ने कहा कि प्रो. रामगोपाल यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सांसद अक्षय यादव की मंशा जिले में विकास को गति प्रदान करना है। हमें उम्मीद है कि छोटू विकास कराने में खरे उतरेंगे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमेशचंद्र चंचल, शिकोहाबाद विधायक ओमप्रकाश वर्मा, डीएम निधि केसरवानी, एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने विचार व्यक्त किए। शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव, पूर्व विधायक मोहन देव शंखवार, पूर्व विधायक झाऊलाल यादव, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्म सिंह यादव एडवोकेट पूर्व चेयरमैन राकेश दिवाकर, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजकुमार राठौर, योगेश गर्ग, आदर्श यादव धन्नू, बंटू कठेरिया, हाशिम मंसूरी, असलम परवेज, राम प्रताप गुर्जर के साथ अन्य सपाई मौजूद थे। संचालन रामहरि यादव ने किया।
चांदी का मुकुट पहनाया
जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय प्रताप उर्फ छोटू का स्वागत अश्वनी यादव व उनकी टीम ने किया। सुनील यादव व लवकुश ने माला पहनाई। वहीं ठाकुर प्रदीप यादव ने छोटू एवं विधायक सिरसागंज हरिओम यादव को चांदी का मुकुट पहनाया। शौर्यदेवमणि यादव ने डीएम, एसपी व मंचासीन अतिथियों का सम्मान किया। यूपी रत्न चक्रेश जैन आदि थे।
शपथ लेने नहीं पहुंचे आठ सदस्य
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुभाष चंद्र भारतीय ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य अमोल यादव, मीरा देवी यादव, रामसिया यादव, अनुजेश प्रताप सिंह यादव, सुल्तान सिंह यादव, मंजूदेवी, धर्मवीर, ममतादेवी शपथ लेने के नहीं पहुंचीं।
जिला पंचायत की पहली बैठक में विकास पर मंथन
फीरोजाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप उर्फ छोटू की अध्यक्षता में आयोजित जिला पंचायत की पहली बैठक में विकास पर चर्चा हुई। पुराने प्रस्तावों पर चर्चा के बजाय नए सदस्यों से गांव के विकास के प्रस्ताव देने की सलाह दी। सुझाव दिया कि दस लाख से बड़े कार्यों के प्रस्ताव दें। ताकि एक गांव से दूसरे गांव को जोड़ने वाले मार्ग, बारात घर से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके। जिला पंचायत की छह समितियों के गठन पर जोर दिया। सीडीओ सुजीत कुमार ने कहा गांव में ग्राम पंचायत, उससे अधिक क्षेत्र पंचायत और दस लाख से बड़े कार्य जिला पंचायत से कराएं। समितियों के गठन का अधिकार अध्यक्ष को सदस्यों ने दिया।