फिरोजाबाद। सुहागनगरी को हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम की ओर से तैयार कराए वर्टिकल गार्डन देखरेख के अभाव में उजड़ रहे हैं। हालत यह हैं कि हरा-भरा दिखने जगह यह कूड़ाघर में तब्दील हो गए हैं। पौधों से मिलने वाली ऑक्सीजन की जगह दुर्गंध आ रही है। पुराने हाईवे पुल के नीचे 30 लाख से ज्यादा की लागत से एन-कैप के जरिए बनाए वर्टिकल गार्डन में लोग कूड़ा-कचरा डाल रहे हैं। जबकि शहर के अन्य हिस्सों में ट्रीगार्ड नहीं लगाए जाने के कारण चिहिंत स्थानों पर रोपे पौधे नष्ट हो रहे हैं।राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत नगर निगम फिरोजाबाद में दो दर्जन से अधिक चिह्नित जगहों पर सड़क पटरी पर पौधरोपण एवं रोपे गए पौधों की सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड लगवाए गए। इसके अतिरिक्त पुराने हाईवे पुल के नीचे आदि स्थानों पर वर्टिकल गार्डन तैयार कराए गए। इन सभी कार्यों पर लगभग 70 लाख से ज्यादा की धनराशि नगर निगम प्रशासन द्वारा खर्च की गई। लेकिन निगम प्रशासन की अनदेखी के कारण महज तीन-चार माह पूर्व तैयार कराए वर्टिकल गार्डन उजड़ रहे हैं।
पुराने हाईवे पुल के नीचे लाखों की लागत से बनाए वर्टिकल गार्डन में अब प्लास्टिक जनित कचरा एवं खाद्य पदार्थों के खाली रेपर अटे पड़े हैं। ऐसे ही कुछ हालत जलेसर रोड, तहसील-रहना रोड, नए बाईपास मार्ग आदि स्थानों सड़क पटरी व डिवाइडर पर रोपे गए पौधों का है। उचित देखभाल और ट्रीगार्ड लगाने में ठेकेदारों की मनमानी के कारण अधिकांश जगहों पर रोपे गए पौधे नष्ट हो चुके हैं।
नहीं दिख रहे ट्रीगार्ड
एन कैप के जरिए शहर में करीब एक दर्जन स्थानों पर सड़क पटरी पर पौधरोपण कराया गया। इन सभी रोपे गए पौधों की सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड भी लगाए जाने थे। लेकिन ताजा स्थिति में कई जगहों पर ट्रीगार्ड नहीं दिख रहे हैं। ट्रीगार्ड के अभाव रोपित पौधों में से अधिकांश नष्ट हो गए या फिर सूखी डंडी की माफिक दिखाई रहे हैं। वहीं नगर निगम द्वारा विभवनगर पार्क हरियाली व खेल मैदान के लिए 13.72 लाख, गणेश नगर पार्क में हरियाली के लिए 16.49 लाख, सुहागनगर स्थित पार्क में हरियाली के लिए 9.89 लाख, बौद्याश्रम स्थित आंबेडकर पार्क में हरियाली के लिए 13.12 लाख, गांधी पार्क में पौधरोपण एवं खेल मैदान विकास के लिए 27.29 लाख के अलावा गुंजन कॉलोनी, सुहागनगर सेक्टर दो सहित इसी क्षेत्र में चार अन्य पार्कों में पौधरोपण, ट्रीगार्ड आदि कार्यों के लिए लाखों की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन इन पार्काें में अभी काम अधूरा पड़ा है।
-
काम पूरा होने के बाद नहीं ली देखभाल की सुध
राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत रोपे गए पौधों व वर्टिकल गार्डन की देखभाल के लिए संंबंधित ठेकेदार अथवा कार्यदायी संस्था का दायित्व तय किया जाता है, लेकिन निगम अफसरों की अनदेखी के बाद ठेकेदार काम पूरा कराने के बाद देखभाल की जिम्मेदारी को भूल गए।
-
जांच कराई जाएगी, पौधरोपण स्थलों वर्टिकल गार्डन में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों पर सख्ती की जाएगी। शुक्रवार को टीम भेज कर सर्वे कराएंगे।
घनश्याम मीणा, नगर आयुक्त