शिकोहाबाद। शहर के स्टेशन रोड पर अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। आए दिन स्टेशन रोड समेत कई चौराहों पर वाहनों का लंबा जाम लग रहा है। अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम से लोगों का काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका ने कुछ दिनों तक स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के बाद उसे बंद कर दिया। इसके चलते स्टेशन रोड पर एक बार फिर अतिक्रमण हो गया है। तहसील तिराहे से संयुक्त चिकित्सालय तक स्टेशन रोड पर दोनों ओर अतिक्रमण रहता है। संयुक्त चिकित्सालय से पहले पालीवाल चौराहे आता है। जहां से चारों तरफ से वाहनों का आवागमन जारी रहता है। ऐसे में आए दिन यहां वाहनों का जाम लगता है।
बृहस्पतिवार सुबह भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सुबह 10:30 बजे करीब संयुक्त चिकित्सालय के सामने स्टेशन रोड पर लगभग आधा घंटे तक सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। जाम में फंसकर अधिकांश दोपहिया वाहन तो गलियों से होकर आवागमन करने लगे थे, लेकिन एंबुलेंस से लेकर अन्य चार पहिया वाहन जाम में फंसे रहे। स्टेशन रोड पर जाम लगने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर आ गई। जिसने किसी तरह आढ़े-तिरछे खड़े वाहनों को स्टेशन रोड के अस्थाई अतिक्रमण को हटवाकर जाम को खुलवाया। तब कहीं जाकर लोगों को जाम से निजात मिली।
स्टेशन रोड पर जिन लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है। वह स्वयं ही अतिक्रमण को हटा लें और नाले के पीछे रहकर अपना कार्य करें। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विकल्प, एसडीएम शिकोहाबाद