पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया शिलान्यास, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसागंज। पर्यटन और धार्मिक धरोहरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को सिरसागंज में वेद उपवन पार्क और जदुद्वारा स्थल के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर कुल 6.45 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें अकेले वेद उपवन पार्क पर 4.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वेद उपवन पार्क को वैदिक संस्कृति और भारतीय विरासत को दर्शाने वाला एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बनाया जाएगा। इसमें वैदिक शिल्प, हरे-भरे उद्यान, योग स्थल, आधुनिक लाइटिंग, विश्राम स्थल, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और ओपन जिम जैसी सुविधाएं होंगी। साथ ही, वेदों की महत्ता बताने के लिए सूचना पट्ट और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इन विकास कार्यों से सिरसागंज न सिर्फ धार्मिक बल्कि पर्यटन के मानचित्र पर भी एक नई पहचान बनाएगा। जदुद्वारा स्थल का कायाकल्प होने से धार्मिक आस्था और पर्यटन दोनों को मजबूती मिलेगी। संचालन अश्वनी जैन ने किया।
शिलान्यास समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रंजना सिंह, पूर्व चैयरमैन रामप्रकाश अग्रवाल, पूर्व चैयरमैन राघवेन्द्र सिंह, राकेश मित्तल, महेश मित्तल, प्रवीन सिंह नीटू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मातादीन धनगर उपस्थित रहे।