वाराणसी से चलकर आगरा आ रही वंदे भारत ट्रेन का टूंडला रेलवे स्टेशन पर पेंटो में उलझकर ओएचई तार टूट गया। इस वजह से ट्रेन यहां डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। इस दौरान यात्री परेशान हो गए।
फिरोजाबाद के टूंडला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर अचानक वंदे भारत एक्सप्रेस के पेंटो में उलझकर ओएचई (ओवर हैड इक्विपमेंट) तार टूट गया। इसके चलते यह ट्रेन डेढ घंटे से भी अधिक देर तक टूंडला स्टेशन पर खड़ी रही। इस बीच ट्रेन के एसी बंद होने से रेलयात्री परेशान हो गए। ज्यादातर यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए। टूटे तारों को सही करने के बाद ही ट्रेन को रवाना किया गया।
विज्ञापन
आगरा से चलकर वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह 6.40 बजे अपने निर्धारित समय से दो मिनट पूर्व टूंडला रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। इस बीच अचानक एक कोच के ऊपर लगे पेंटो ओएचई तारों में उलझ गया, इसके चलते ओएचई तार टूट गए।
घटना की तत्काल जानकारी टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी गई। अधिकारीयों ने जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग की टीम को मौके पर भेजा। इस बीच ट्रेन के एसी बंद होने एवं ट्रेन के काफ़ी समय तक खड़े रहने पर रेल यात्री परेशान हो गए तथा ट्रेन से बाहर निकल आए। टीम ने करीब 1 घंटे 35 मिनट के प्रयास के बाद टूटे तारों व पेंटो को सही कर दिया। इसके बाद ही ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।