फिरोजाबाद। कोरोना की दूसरी लहर अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई कि लोग लापरवाही बरतने लगे हैं। सरकार तीसरी लहर आने से पूर्व ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण कराकर सुरक्षित रखने की योजना बना रही है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण अभियान फेल साबित हो रहा है। ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण की धीमी गति से टीकाकरण का लक्ष्य 50 फीसदी भी पूरा नहीं हो रहा है। जबकि विभाग ने खुद की सात केंद्रों पर शून्य टीकाकरण की रिपोर्ट भेजी है।
टीकाकरण के आंकड़ों पर गौर करें तो शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बनी हुई है। मगर ग्रामीण क्षेत्रों में लोग टीकाकरण कराने से बच रहे हैं। एक आंकड़ा यह भी है कि 45 साल से अधिक उम्र वाले केंद्रों पर 30 प्रतिशत लक्ष्य भी पूरा नहीं हो पा रहा है। स्थिति यह है कि सोमवार को 59 स्थानों पर टीकाकरण सत्र लगाए गए थे। एक दिन में 7740 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाने का लक्ष्य था, लेकिन 3311 लोग ही टीका पूरे जनपद में लगवा सके। इनमें सात केंद्रों पर टीकाकरण की स्थिति शून्य रही। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे दिन बैठीं रहीं, मगर कोई भी टीकाकरण कराने के लिए नहीं आया। 17 केंद्र ऐसे हैं, जहां एक दिन में 11 से भी कम लोगों का टीकाकरण हो पा रहा है। उनमें भी शहरी क्षेत्र के लोग टीकाकरण कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
इन गांवों में टीकाकरण हो रहा 11 से कम
इटौली, फरिहा, हर्षा, उमरई, नगला खंगर, हाजीपुरा, कुर्रीकूपा, बसई मोहम्मदपुर, नगला खंगर, जाटऊ, गजोखर, आमौर, कुशियार, देवखेड़ा आदि।
- देहात क्षेत्रों के टीकाकरण पर दिक्कतें आ रही हैं। कुछ केंद्रों पर तो टीकाकरण बिल्कुल नहीं हो पा रहा है। हमने शिक्षक, आशाओं, राशन डीलर, ग्राम प्रधानों से संपर्क कर लोगों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करने के लिए कहा है। प्रयास है कि तीसरी लहर आने से पूर्व लोगों के टीकाकरण कराया जा सके।
डॉ. एके श्रीवास्तव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
पांच माह बाद भी भरोसा नहीं कर सके ग्रामीण
फिरोजाबाद। कोरोना टीकाकरण को शुरू हुए पांच माह बीत चुके हैं। जनपद में दो लाख 37 हजार से अधिक डोज लगाई जा चुकी हैं। किसी प्रकार की घटना रिकार्ड में नहीं है। इसके बाद भी बड़ी आबादी टीकाकरण पर भरोसा नहीं जता सकी है।
टीकाकरण का लक्ष्य
तिथि निर्धारित लक्ष्य पूरा हुआ लक्ष्य
सात जून 7740 3311
पांच जून 7050 2691
चार जून 7660 2835
तीन जून 6950 2820