संवाद न्यूज एजेंसी।
फिरोजाबाद। नगला बरी स्थित एक निजी हॉस्पिटल में बुधवार को एक नवजात की मौत हो गई। महिला ने सुबह बच्चे को जन्म दिया था। दोपहर बाद नवजात की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे आसफाबाद के पास एक चिकित्सक के यहां ले गए। वहां, चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने वापस आकर हॉस्पिटल पर हंगामा किया।
गालिब नगर निवासी शाहरुख ने बताया कि उसकी पत्नी सिमरन गर्भवती थी। बुधवार को उसे प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे नगला बरी स्थित हॉस्पिटल ले गए। वहां पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। बच्चे की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे आसफाबाद स्थित हॉस्पिटल में बाइक से ले गए। वहां, चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वापस नगला बरी स्थित हॉस्पिटल ले गए। वहां उनके परिचित लोग भी आ गए। परिजनों द्वारा हंगामा करना शुरू कर दिया गया। हंगामा होते ही लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई, जो कि काफी देर तक चलता रहा। सूचना पर इलाका पुलिस आई और पूछताछ की गई। रसूलपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि हॉस्पिटल में हंगामा की सूचना मिली थी। लेकिन जब पुलिस पहुंची तो स्थिति सामान्य मिली। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।