ट्रामा सेेंटर में जमीन पर पड़े युवक को अंदर ले जाने की परिजन से बोलता स्टाफ। वीडियो ग्रैव
- फोटो : ट्रामा सेेंटर में जमीन पर पड़े युवक को अंदर ले जाने की परिजन से बोलता स्टाफ। वीडियो ग्रैव
फिरोजाबाद। ट्रॉमा सेंटर में रविवार दोपहर मानसिक रूप से परेशान मरीज के साथ मारपीट के आरोप से हंगामा खड़ा हो गया। मरीज की बहन ने चिकित्सकों पर कमरे में बंद कर पीटने का आरोप लगाया। परिजन सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग को लेकर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक ट्रॉमा सेंटर में हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में तीमारदार भी एकत्र हो गए।
गल्ला मंडी के समीप कोटला रोड निवासी अजय को रविवार दोपहर परिजन एंबुलेंस से उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे। उसकी बहन का कहना था कि अजय मानसिक रूप से परेशान था, इसलिए उसे उपचार के लिए लेकर आई थी। आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर के अंदर एक कमरे में चिकित्सकों ने उसे बंद कर पीटा। आरोपों के बाद परिजन मरीज को ट्रॉमा सेंटर से बाहर लेकर आ गए। वह काफी देर तक परिसर में जमीन पर पड़ा रहा। परिजन बार-बार सीसीटीवी फुटेज चेक कराने की मांग कर विरोध जताते रहे। इससे मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही और तीमारदारों की भीड़ लग गई। स्टाफ कर्मियों ने मरीज को दोबारा अंदर ले जाकर उपचार कराने के लिए परिजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। काफी देर तक चले हंगामे के बाद परिजन अजय को उपचार के लिए दूसरी जगह ले गए।
- जो मरीज ट्रॉमा सेंटर लाया गया था वह मानसिक रोगी था। मरीज ने ही अन्य स्टाफ के साथ मारपीट कर दी थी। चिकित्सक के उक्त मरीज ने लात मार दी थी। परिजन ने भी झगड़ा करना शुरू कर दिया था। मरीज से कोई मारपीट नहीं की है।
डॉ. नवीन जैन, सीएमएस