यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल विज्ञान का प्रश्नपत्र आसान आया। परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहे परीक्षार्थी राहत भरी मुस्कान में दिखे। सख्ती के कारण 3967 परीक्षार्थियों ने विज्ञान की परीक्षा को छोड़ दिया। सचलदल भी सक्रिय रहे।
फिरोजाबाद यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने मंगलवार को अलग-अलग विषयों की परीक्षा दी। 107 केंद्रों पर पहली पाली में हाईस्कूल की विज्ञान और इंटर की लेखाशास्त्र की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की कृषि और अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई।
विज्ञापन
कंट्रोल रूम का निरीक्षण संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने किया। पर्यवेक्षक डॉ. पुष्पा सिंह प्राचार्य डायट आगरा, डीआईओएस धीरेंद्र कुमार के साथ बीएसए आशीष कुमार पांडेय ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। प्रथम पाली में हाई स्कूल की विज्ञान विषय की परीक्षा में कुल पंजीकृत 37347 परीक्षार्थियों में 33380 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 3967 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इंटरमीडिएट की लेखाशास्त्र की परीक्षा में 660 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 27 परीक्षार्थी अनुपस्थित एवं 633 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। सांय कालीन द्वितीय पाली में हाई स्कूल की कृषि विषय के 8 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट के अर्थशास्त्र विषय में 151 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
विज्ञापन
एमजी कॉलेज से परीक्षा देकर विज्ञान का पेपर देने के बाद छात्रा रश्मि ने बताया कि पेपर आसान आया था। सभी प्रश्न हल कर दिए। कक्षा 10 की छात्रा खुशबू ने बताया कि विज्ञान के पेपर में ओम का नियम से लेकर फ्लेमिंग तक के नियम पूछे गए, जो आसानी से कर दिए। सभी प्रश्नों के उत्तर दिए हैं। आरती ने बताया कि विज्ञान के पेपर जीव और भौतिक विज्ञान वाला पार्ट एकदम सरल था। रसायन विज्ञान में एक दो प्रश्न गलत हो गए हैं। बाकी 80 प्रतिशत तक नंबर आ सकते हैं।