यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापकों ने नकल रोकने में प्रशासन का सहयोग नहीं किया। परीक्षा केंद्रों पर बोल बोल के नकल कराई गई। डीआईओएस रविंद्र सिंह ने छह नकलचियों को पकड़ा। वहीं अन्य अधिकारियों ने भी नकलची पकडे़।
रसायन विज्ञान की परीक्षा में नकल रोकने के लिए प्रशासन ने पूरे प्रयास किए। डीआईओएस रविंद्र सिंह सोमवार को जंग सिंह इंटर कॉलेज कोरारी पहुंचे। यहां पांच नकलचियों को मॉडल पेपर के साथ उन्होंने पकड़ा। वहीं, एक नकलची केपी सिंह इंटर कॉलेज में पकड़ा गया। वही, दूसरे सचल दल में राजकीय हाईस्कूल सोथरा के प्रधानाचार्य रामपाल सिंह यादव ने परशुराम इंटर कॉलेज एका में एक छात्र को मॉडल पेपर सहित पकड़ा। सुरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में चल रहे सचल दल ने स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज से एक नकलची को पकड़ा। पूरे तीन घंटे सचल दल ने अपनी मौजूदगी में परीक्षा कराई गई। वहीं, सलेमपुर में अमीर सिंह इंटर कॉलेज में तीन घंटे तक सचल दल बैठा रहा। बीएसए बालमुकुंद प्रसाद ने झाऊलाल इंटर कॉलेज शिकोहाबाद में पांच नकलची पकडे़। सावंती देवी सूरज सिंह इंटर कॉलेज में एक और नकलची को बीएसए ने पकड़ा। वहीं, मां लालो देवी माया देवी हायर सेकेंड्री स्कूल में एक नकलची पकड़ा गया।
खिड़की से करा रहा नकल, लगाई दौड़
सावंती देवी सूरज सिंह इंटर कॉलेज में नकल माफियाओं ने हद पार कर दी। एक व्यक्ति बाहर की खिड़की से कक्ष में नकल दे रहा था। बीएसए ने देखा तो उस व्यक्ति ने बाउंड्री से दौड़ लगा दी। वहीं कक्ष निरीक्षक एवं केंद्र व्यवस्थापक नकल कराने में सहयोग करते रहे।
-----------------------
कैमरों कर दिए बंद, जहां चालू वहां परीक्षा से परहेज
लेखाधिकारी विकास चौधरी ने बताया कि हेम कॉन्वेंट इंटर कॉलेज में कैमरे चालू नहीं थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि कैमरे लगवाएं गए हैं, लेकिन मशीन नहीं लगवाई है। कई कॉलेज ऐसे थे, जहां कैमरे चालू थे, लेकिन उन परीक्षा कक्षों में परीक्षा नहीं कराई जा रही थी।
----------------
झूठी शिकायत पर दौड़े अफसर
सचल दल झूठी शिकायत पर दौड़ते रहे। धर्म सिंह गंगा देवी इंटर कॉलेज के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत आई। सचल दल सूचना पाते ही मौके पर पहुंच गया। पूछताछ में पता चला कि शिकायत झूठी थी। ओपीएस इंटर कॉलेज एबरनपुर में शिकायत मिली कि महेश कुमार के घर में कॉपियां लिखी जा रही हैं। महेश कुमार के घर पुलिस दल के साथ छापा मारा गया लेकिन यहां कुछ नहीं मिला।
---------------
स्टेट ऑर्ब्जवर आए, आज करेंगे निरीक्षण
स्टेट ऑब्जर्वर यूपी बोर्ड परीक्षा में निरीक्षण करने के लिए फीरोजाबाद आ गए हैं। डीआईओएस सोमवार को दोपहर बाद उन्हें आगरा की ओर से फीरोजाबाद बार्डर पर रिसीव करने पहुंचे। अंग्रेजी विषय की परीक्षा में वह मंगलवार को निरीक्षण करेंगे।