फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड के तमाम परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा देने के बाद भी अनुपस्थित दर्शाकर फेल कर दिए गए हैं। परेशान छात्र व छात्राएं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं व 12वीं का रिजल्ट घोषित हो चुका है। तमाम विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में प्रयोगात्मक परीक्षा दी थी। लेकिन जब इन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन रिजल्ट निकलवाया तो उसमें अनुपस्थित दर्शाकर फेल कर दिया गया है। विद्यार्थी इस त्रुटि को सुधरवाने के लिए डीआईओएस कार्यालय के चक्कर काट रहे है। विभाग ऐसे विद्यार्थियों का डाटा बना रहा है।
10वीं व 12वीं का रिजल्ट घोषित होने के बाद अभी तक मूल अंकतालिका जिले में नहीं पहुंची है। जबकि इस समय दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में विद्यार्थी ऑनलाइन मार्कशीट तो लगा रहे हैं। लेकिन मूल अंकतालिका पाने के लिए वह डीआईओएस कार्यालय के चक्कर काट रहे है। विद्यार्थियों का कहना है पिछली बार समय से मार्कशीट मिल गई थी। लेकिन इस बार मार्कशीट मिलने में बहुत समस्या आ रही है।
कई विद्यार्थियों की शिकायत मिली है कि उन्होंने प्रयोगात्मक परीक्षा दी थी, लेकिन अंक न आने के कारण फेल हो गए। ऐसे विद्यार्थी परेशान न हों। स्कूलों में प्रधानाचार्य से संपर्क करें। बोर्ड से उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा।
बालमुकुंद प्रसाद, डीआईओएस