हादसे में युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल पर एकत्रित लोग
मक्खनपुर स्थित बिल्टीगढ़ चौराहा पार कर रहे मामा-भांजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले जिला अस्पताल और वहां से आगरा रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। जबकि एक अन्य हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहननगर निवासी पंकज (30) पुत्र श्रीकिशन अपने मामा जसराना क्षेत्र के ग्राम कटरई निवासी ओमसरन (40) पुत्र रमेशचंद्र के साथ कसबा मक्खनपुर स्थित फैक्ट्री में काम करने के लिए गए थे। शनिवार देर रात दोनों बिल्टीगढ़ चौराहे पर सड़क पार कर रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसा होते ही आसपास के लोग और पुलिस पहुंच गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। मामा-भांजे की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक पंकज के भाई प्रवीन ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ अभियोग दर्ज कराई है। इधर 21 मार्च को सड़क हादसे में घायल हुए जसराना क्षेत्र के खड़रिया निवासी सुरजीत पुत्र चंद्र प्रकाश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।