फिरोजाबाद। तापमान लगातार बढ़ने के साथ ही बिजली संकट भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। बुधवार को पूरी रात शहर के कई मोहल्लों में बिजली की आवाजाही रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह और दोपहर की अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। ओवरलोडिंग की वजह से लगातार जर्जर तार और ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। इससे संबंधित क्षेत्रों की बिजली कई-कई घंटे गायब रह रही है। ओवरलोड से फॉल्ट बचाने के लिए विभाग की ओर से क्षेत्रों को बांट-बांटकर आपूर्ति दी जा रही है। शहर में बुधवार को रात आसफाबाद 220 केवीए आसफाबाद से एसएन फीडर की आर्म्स जल गई थी। इस कारण मोहल्ला तिलक नगर, बोधाश्रम, गोविंद नगर, मथुरा नगर में देर रात्रि सप्लाई सुचारू हो सकी। सप्लाई सुचारू होने के बाद इन्हीं मोहल्लों में रातभर बिजली का आवाजाही जारी रही है। ऐसे में कूलर और एसी बंद होने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बृहस्पतिवार को दिन में भी पुरुषोत्तम बिहार, इंडस्ट्रीयल एरिया, एसएन फीडर, रसूलपुर में बिजली आती जाती रही। कूलर, एसी बंद होते ही लोग गर्मी से परेशान दिखे। जेई अहमद हुसैन ने बताया कि आसफाबाद से विद्युत आर्म्स चल गई थी। इस कारण सप्लाई को बंद करना पड़ा। जब आर्म्स रात्रि में ठीक होने की संभावना नहीं दिखी तो विद्युत सप्लाई को ककरऊ फीडर से जोड़ दिया गया।
लोड़ बढ़ने से 13 ट्रांसफार्मर फुंके
ट्रांसफार्मर भी भीषण गर्मी का विद्युत लोड नहीं झेल पा रहे हैं। बृहस्पतिवार को जिले में 13 ट्रांसफार्मर फुंके। कई स्थानों में 12 से 14 घंटे के बाद ट्रांसफार्मर बदले जा सके। इस कारण शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में संकट कटा रहा।
आठ गांव की बिजली छह घंटे रही बंद
यूपीएसआईडीसी बिजली घर के अंतर्गत जाखऊ फीडर पर बृहस्पतिवार को सुबह तीन बजे तेज हवाओं के कारण फॉल्ट हो गया। इस कारण पूरा फीडर ब्रेकडाउन में चला गया। छह घंटे से ज्यादा समय तक विद्युत सप्लाई बंद रही। जारखी फीडर के आठ गांव में सप्लाई बाधित रही। एसडीओ दुष्यंत कुमार ने बताया कि आंधी के कारण फीडर ब्रेकडाउन में चला गया था। लेकिन सुबह और शाम को होने वाली रोस्टर विद्युत कटौती को नहीं किया गया।
नेपई फीडर पर 12 मीटर उखाड़े
कनेक्शन लेने के बाद विद्युत बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं पर बृहस्पतिवार को विद्युत विभाग का शिकंजा कसा गया। एसडीओ दुष्यंत कुमार के नेतृत्व में नेपई गांव में निरीक्षण किया। यहां उपभोक्ताओं से विद्युत बिल जमा न करने का आग्रह किया। किंतु कोई भी उपभोक्ता विद्युत बिल जमा करने को तैयार नहीं हुआ। टीम ने 12 बकाएदारों के मीटर उखाड़ लिए।
एसएन उपकेंद्र पर जला केबल बॉक्स
भीषण गर्मी एवं अत्याधिक लोड पड़ने के कारण बृहस्पतिवार को दोपहर में एसएन विद्युत उपकेंद्र के तहत केबल बॉक्स में आग लगने से हड़कंप मच गया। शॅटडाउन लेने के बाद तत्काल कार्य शुरू करा दिया।