कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से सोमवार शाम मां के साथ सो रही दो वर्षीय मासूम बच्ची को एक व्यक्ति ने अगवा कर लिया। सूचना पर देर रात टूंडला जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। बच्ची सकुशल मिल गई। पकड़े गए आरोपी राजू निवासी राजाबयोना, जालौन से पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे कानपुर जीआरपी को सौंप दिया।
कानपुर देहात निवासी एक महिला सोमवार रात को अपने 10 वर्षीय पुत्र और दो वर्षीय पुत्री के साथ कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सो रही थी। इसी दौरान राजू ने चुपके से उनकी गोद से बच्ची को उठा लिया और करीब 8:30 बजे कानपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर खड़ी बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ गया।
मां की नींद खुली तो उसने बच्ची को अपने पास न पाकर तुरंत जीआरपी को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी को बच्ची के साथ ट्रेन में सवार होते देखा गया। इसके बाद कानपुर जीआरपी ने टूंडला जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट किया।
जीआरपी टूंडला थाना प्रभारी मोनू आर्य ने बताया कि रात करीब 12 बजे जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची, जनरल बोगी की घेराबंदी कर आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया गया और मासूम बच्ची को सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने बच्ची को बेचने के इरादे से अगवा किया था।
रेलवे स्टेशनों पर सक्रिय है बच्चा चोर गिरोह
टूंडला और आसपास के स्टेशनों से बच्चों को अगवा करने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले माह भी टूंडला स्टेशन से एक बच्चा अगवा किया गया था, जिसे खुर्जा से बरामद किया गया। वहीं, अलीगढ़ से अगवा बच्चा टूंडला में मिला था। जांच में सामने आया है कि इन वारदातों के पीछे एक संगठित गिरोह है, जिसमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं।