यूपी बोर्ड की सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा में नकल रोकने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी लेकिन परीक्षा केंद्रों पर धड़ल्ले से नकल हुई। तीन नकलचियों को पकड़ा गया। वहीं दो शिक्षकों के पास नकल रखी मिली। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं।
मंगलवार को गणित की पाली में 41, 968 में से 7538 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में गणित की परीक्षा में पुत्तुलाल इंटर कालेज, भंडपुर में डीआईओएस रविंद्र सिंह ने दो नकलचियों को पकड़ लिया। वहीं, हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा में 2619 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रारंभिक गणित में 1177 में से 109 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। चौधरी रामवीर सिंह हाईस्कूल एवं सौदान सिंह उमा विद्यालय बनवारा में सचल दल में शामिल राजकीय हाईस्कूल सोथरा के प्रधानाचार्य निरीक्षण करने पहुंचे तो परीक्षार्थी रफकार्य करते मिले। उन्होंने आधा घंटे बैठकर परीक्षा कराई गई। उन्होंने बाद में नकल की आशंका व्यक्त की है। शाम की पाली में डीआईओएस एलआर इंटर कालेज जसराना पहुंचे। वहां एक नकलची पकड़ा गया। शिक्षक संजय कुमार और शिक्षिका संगीता के पास बड़ी मात्रा में नकल मिली। डीआईओएस ने एफआईआर कराने के निर्देश दिए और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई को कहा।
एक छात्रा की परीक्षा दिलाने मुस्तैद रहा प्रशासन
मंगलवार को पाली इंटर कालेज में शाम की पाली में एक मात्र छात्रा मनोविज्ञान का पेपर दे रही थी। जिसमें केंद्र व्यवस्थापक, दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। वहीं, सचल दल में पांच लोग निरीक्षण करने पहुंच गए।
गणित की परीक्षा में नकल माफिया पूरी तरह जिला प्रशासन पर हावी रहे। नकल कराने की रणनीति के तहत सावंती देवी सूरज सिंह इंटर कालेज टीकामई में फिर से बड़ी अव्यवस्था मिली। आधा घंटे देरी से भी परीक्षा शुरू नहीं कराई गई। दबंगों के डर से पर्यवेक्षक भी पूरी तरह मौन धारण किए रहे।
सावंती देवी सूरज सिंह स्कूल में निरीक्षण करने के लिए सचल दल पहुंचा तो सुबह 7.45 बजे बजे तक कापी एवं प्रश्नपत्र वितरण नहीं किए थे। जब केंद्र व्यवस्थापक से जवाब मांगा तो परीक्षार्थियों के देरी से आने का कारण बताया। इस केंद्र पर पहले की परीक्षा में गड़बड़ी मिलने पर चार पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है। जिनमें से एक-एक करके पर्यवेक्षक असुरक्षा के डर से ड्यूटी छोड़ गए हैं। एक पर्यवेक्षक ने सचल दल से स्पष्ट कहा कि अगर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा तो ही इस केंद्र पर नकल विहीन परीक्षा कराना संभव है।