टूंडला। मंगलवार दोपहर खेत में काम कर रहे किसानों में उस समय खलबली मच गई तो जब उनकी नजर दो अजगरों पर पड़ी। किसानों के शोरगुल पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। तब ग्रामीणों ने स्वयं ही उन्हें पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव नगला केशों में मंगलवार दोपहर एक बजे करीब किसान खेत में काम कर रहे थे। गांव के ही हाकिम सिंह भी धूप खिलने पर खेतों की तरफ गए थे। इसी बीच उनकी नजर उनके खेत में दो अजगरों पर नजर गई तो चौंक गए। उन्होंने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्रित हो गए।
खेत में दो-दो अजगरों को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग की टीम को दी। काफी देर तक वन विभाग की टीम का इंतजार करने के बाद भी जब वह नहीं पहुंची। तब ग्रामीणों ने स्वयं ही दोनों को पकड़कर बोरियों में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने दोनों अजगरों को जंगल में छोड़ दिया।