फोटो 35 अस्पताल में फिजीशियन के पास लगी मरीजों की भीड़। संवाद
मैनपुरी। तेज धूप और गर्म हवाओं ने बच्चों के स्वास्थ्य को बिगाड़ना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे बुखार और डायरिया से पीड़ित दो मासूमों की मौत हो गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 37 मरीज भर्ती कराए गए। पांच मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल मे मंगलवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। अस्पताल की ओपीडी में 1156 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। भोगांव के नगला वन निवासी रेहान (5 माह) पुत्र प्रीतम को पिछले कुछ दिनों से डायरिया की दिक्कत थी। परिजन उसका एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर मंगलवार की दोपहर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां उपचार शुरू हो पाता उससे पहले बच्चे ने दम तोड़ दिया। भोगांव थाना क्षेत्र के ही गांव दुर्गापुर निवासी कंसू (एक वर्ष) पुत्र हरनाथ को पिछले तीन दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका प्राइवेट उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर मंगलवार शाम परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार का कहना था कि दोनों ही बच्चों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। इसके अलावा शहर के वृद्धाश्रम में रहने वाले रामगोपाल पाठक (70) को पिछले कुछ दिनों से ब्लड प्रेशर की दिक्कत थी। सोमवार शाम को अचानक उनकी हालत बिगड़ी तो वृद्धाश्रम के कर्मचारी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर शाम उनके शव का उनकी बहन व अन्य लोगों की उपस्थिति में शहर के पीपरा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।