जसराना। थाना जसराना के एटा शिकोहाबाद मार्ग के खामिनी मोड पर दो बाइकों में हुई भिड़त में जहां एक दुकानदार की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। दुकानदार की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजने के साथ शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
थाना जसराना के गांव खामिनी निवासी रवीकांत (35) पुत्र श्यामबाबू पाढ़म में रेडीमेड की दुकान करता है। मंगलवार की देर सायं वह दुकान बंद बाइक से घर लौट रहा था। वहीं उदतपुर थाना रिजोर एटा निवासी उत्तम पुत्र रामौतार अपनी मां को उनके मायके नगला गेंहू छोडकर बाइक से लौट रहा था। थाना जसराना के एटा शिकोहाबाद मार्ग के नगला खामिनी मोड पर रवीकांत गांव जाने के लिए मुडा तो जसराना की तरफ से आ रही उत्तम की बाइक से भिडंत हो गई। भिडंत इतनी भीषण थी कि दोनों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी पर परिवारीजन भी पहुंच गए। घायलावस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थय केंद्र लेकर आए जहां मौजूद चिकित्सक ने रवीकांत को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर उत्तम को जिला अस्पताल रैफर कर दिया। होली के मौके पर हुई दुकानदार की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा सड़क हादसे में एक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।