फिरोजाबाद। थाना नगला सिंघी क्षेत्र में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांस दानी के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक किसान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव घुरकुआ निवासी सीताराम (62) रविवार देर रात अपनी पत्नी लीलावती के साथ बाइक से बेटी के घर रहनकलां जा रहे थे। जब वह गांव बांस दानी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद सीताराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी लीलावती को गंभीर हालत में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। मृतक अपने पीछे चार बेटे और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। वह पेशे से किसान थे। थाना अध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद