फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में बच्ची को बहला- फुसलाकर गलत कार्य करने के उद्देश्य से कमरे में ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के महज छह घंटे के भीतर मुठभेड़ के दाैरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया शुक्रवार को थाना उत्तर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बच्ची को फल खिलाने का लालच देकर कमरे में ले जाकर गलत काम करने के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर थाना उत्तर में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में वांछित आरोपी मोहम्मद फरमान निवासी नैनी ग्लास असरफगंज गली नंबर- सात थाना रसूलपुर बच्चू बाबा सरस्वती मंदिर के पीछे प्रकाश नगर में छिपा हुआ है। सूचना पर थाना उत्तर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को करीब आता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में ट्रामा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक रितिक शर्मा, मुख्य आरक्षी कौमल सिंह, कांस्टेबल विजय कुमार, धर्मेंद्र और सचिन खौकर आदि शामिल रहे।