- फर्रुखाबाद से बुलाया गया मेटाडोर मालिक, की गई पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। 10 जुलाई की रात खैरगढ़ इलाके से 18 लाख रुपये कीमत के 127 पाइप चोरी करने वाले चोर चोरी पाइप डीसीएम से बल्लभगढ़ की ओर ले गए थे। पुलिस ने लगभग चोरों तक पहुंच चुकी है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा फर्रुखाबाद से डीसीएम मालिक को बुलाकर पूछताछ की गई है।
थाना रसूलपुर के लालपुर आसफाबाद निवासी धैर्य कंस्ट्रक्शन फर्म के संचालक रिषभ कुमार ने खैरगढ़ थाने में नमामि गंगे प्रोजेक्ट के कार्य स्थल से 18 लाख रुपये के पाइप चोरी होने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पहले तो पुलिस मामले में ढिलाई बरतती रही। जैसे ही मामला अधिकारियों की नजर में आया तो चोरों की तलाश में जुट गई।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस को जानकारी हुई कि चोर डीसीएम को बल्लभगढ़ की ओर ले गए थे। पुलिस की दो टीम लगातार इसमें जुटी हुई हैं। लगभग पुलिस चोरों तक पहुंच गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चोर फर्जी आईडी से सिम खरीदकर वारदात को अंजाम देते हैं। अपना नाम भी बदल लेते हैं। संभवत: शनिवार तक मामले का खुलासा हो जाएगा।