अभियान के दौरान दो लावारिश बच्चे मिले
फिरोजाबाद। बाल संरक्षण आयोग के निर्देश पर कई विभाग की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड और सुभाष तिराहा पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन के दौरान टीम को दो बच्चे लावारिस हालत में मिले। बच्चों की काउंसिलिंग और उचित पुनर्वास के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
केंद्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश पर ह्यूमन ट्रेकिंग सेल, बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड लाइन द्वारा बस स्टैंड से सुभाष तिराहा तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान दो बच्चे लावारिस हालत में घूमते मिले। दोनों बच्चों को स्थानीय बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां उनकी काउंसिलिंग किए जाने के साथ उचित पुनर्वास के लिए प्रोबेशन विभाग को निर्देशित किया है। टीम में महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी अपर्णा कुलश्रेष्ठ, एंटी ह्यूमन ट्रेकिंग सेल के धनपाल सिंह और चाइल्ड लाइन की जीत चांदना आदि मौजूद रहीं। संवाद
विवादित स्थल पर मिट्टी के भराव में संलिप्त ट्रैक्टर पकड़ा
खैरगढ़। विवादित स्थल पर मिट्टी का भराव कर कब्जा की शिकायत पर क्षेत्रीय कानूनगो व लेखपाल मौके पर पहुंचे। मिट्टी का ढुलाई कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ कर थाना पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है।
खैरगढ़ निवासी माधव नरायन और संजय ने नए बाईपास मार्ग से सटी विवादित भूमि पर अवैध कब्जा करने व मिट्टी का भराव कराने की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई थी। मौके पर पहुंचे कानूनगो रजनीश शर्मा और लेखपाल शिवमोहन मिश्रा को विवादित भूमि पर मिट्टी का भराव होते मिला। तहसील प्रशासन के निर्देश पर विवादित स्थल पर मिट्टी भराव में संलिप्त एक ट्रैक्टर को पकड़ कर थाना पुलिस की सुपुर्दगी में दिया है। वहीं अवैध कब्जा के आरोपी के विरूद्व प्रशासन को रिपोर्ट भेजी है। संवाद