एक जैसे कपड़े, एक जैसी हेयरस्टाइल और अब लगभग एक जैसे नंबर... सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट में जुड़वा भाइयों अब्दुल साजिद और अब्दुल माजिद ने शानदार प्रदर्शन कर जिले में अलग पहचान बनाई है। आईवी इंटरनेशनल स्कूल के पढ़ने वाले छात्र साजिद ने 98.8 फीसदी अंक हासिल किए हैं। जबकि उसके जुड़वा भाई माजिद ने 98.4 फीसदी अंक हासिल किए हैं। दो साल पूर्व 10वीं परीक्षा में भी दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया था। साजिद ने 10वीं में 97.8 फीसदी और माजिद ने 98 फीसदी अंक हासिल किए थे।
दोनों भाई डॉक्टर बनना चाहते हैं। उनके पिता राशिद शेख मंसूरी पीडी जैन इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय के शिक्षक हैं। स्कूल में भी दोनों भाई अपने एक जैसे पहनावे और हेयरस्टाइल एवं क्लास में एक जैसे नंबरों की वजह से चर्चा में रहते हैं। कई बार लोग दोनों को पहचानने में भ्रमित हो जाते हैं। साजिद ने बताया कि उन्होंने किसी प्रकार की कोचिंग नहीं ली।
स्कूल के बाद दोनों भाई पढ़ाई का समय दो हिस्सों में बांटकर रोज तीन-तीन घंटे पढ़ाई करते थे। सभी विषयों की नियमित तैयारी करते थे और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी थी। दोनों जुड़वा भाइयों को शतरंज खेलने का शौक है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार को दिया है। विद्यालय की प्रधानाचार्य नंदनी यादव ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। साजिद व माजिद के बड़े भाई अब्दु वाहिद आईआईटी भागलपुर में अध्ययनरत हैं।
अब्दुल साजिद ने प्राप्त किए अंक: बायोलॉजी में 100, आईटी में 100, केमिस्ट्री में 99, फिजिक्स में 98, अंग्रेजी में 99
अब्दुल माजिद ने प्राप्त किए अंक: फिजिक्स 97, केमिस्ट्री 99, बायोलॉजी 99, आईटी में 99, फिजिकल एजुकेशन 98, अंग्रेजी 98