फिरोजाबाद। मथुरा के कोसीकलां में चालक को चाय में नशीला पदार्थ देकर लूटा गया ट्रक (कंटेनर) रामगढ़ पुलिस ने मंगलवार को बरामद कर लिया। पुलिस ने चार बदमाशों को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने बदमाशों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल ने बताया कि दिल्ली से एक ट्रक (कंटेनर) फर्नीचर का सामान लेकर इंदौर जा रहा था। फरीदाबाद से बदमाश सवारी बनकर ट्रक में सवार हुए। कोसीकलां में ट्रक चालक धर्मवीर को नशीला पदार्थ चाय में मिलाकर पिला दी। चालक के बेहोश होने पर बदमाश ट्रक लूटकर फिरोजाबाद आ गए और ट्रक को रैपुरा के समीप सुनसान क्षेत्र में खड़ा कर दिया। इस दौरान बदमाश चालक को आगरा में ही फेंक आए। होश में आने पर चालक ने ट्रक मालिक को सूचना दी। ट्रक में लगे जीपीआरएस से उसकी लोकेशन रैपुरा रोड स्थित सुनसान स्थान पर मिली।
इस पर ट्रक मालिक विशू सिंह शेखावत ने मामले की जानकारी रामगढ़ थाना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली बालाजी गुड्स कैरियर ट्रांसपोर्ट से इंदौर जा रहे ट्रक को बदमाशों ने रास्ते में लूट लिया है, जो रैपुरा रोड पर खड़ा है। इसके बाद रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। यहां चार लोग दो मैक्स जीप में ट्रक से सामान उतारकर लोड कर रहे थे।
पुलिस ने चारों लोगों रहीस खां पुत्र शाकिर हुसैन निवासी 60 फुटा रोड नगला बरी रामगढ़, समीर अंसारी पुत्र शकील अंसारी निवासी मोहल्ला बगिया दक्षिण, मोहर सिंह पुत्र यादराम कश्यप निवासी गंगा रिसोर्ट के पास सत्य नगर उत्तर और नेम सिंह पुत्र लज्जाराम निवासी मोहल्ला कबीर नगर थाना उत्तर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े बदमाशों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। ट्रक से करीब 40 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।