निगम प्रशासन ने पानी की पाइप लाइन डालने के लिए गलियों की खोदाई कराई लेकिन उसे ठीक नहीं कराया। टूटी गलियां क्षेत्रीय बाशिंदों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। क्षेत्रीय बाशिंदों ने चेतावनी दी यदि एक सप्ताह में गलियों का निर्माण नहीं कराया गया तो भूख हड़ताल की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन की ओर से मोहल्ला छोटी छपैटी, जोशियान एवं जोशियान गड्ढा आदि क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइन डालने के लिए करीब छह माह पूर्व गलियों में खोदाई कराई गई थी। गलियों की खोदाई कराने के दौरान मलबे के साथ ही इंटरलाकिंग की ईंटों को बाहर पड़ा छोड़ दिया गया। लाइन में पानी की आपूर्ति को सुचारु तो कर दिया गया लेकिन निगम अफसरों ने खोदी गलियों को ठीक कराने की सुध नहीं ली। गलियां उखड़ी होने के कारण सफाई भी ठीक से नहीं हो पा रही है। वहीं गलियों में गड्ढे होने के कारण नौनिहाल गिरकर चुटैल हो जाते हैं। निगम की नदेखी के कारण क्षेत्र की जनता में रोष है। वार्ड संख्या 25 के सभासद श्याम सिंह यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय बाशिंदे जितेंद्र कुमार, अमित यादव, गौरव यादव, ममता अग्रवाल, अंबरवती, रेखा सिंह, ऊषा देवी, आकाश चौहान, हरिश्चंद्र, कुशल गुप्ता, सचिन गोयल, संजीव कुमार, कीरत प्रकाश, मोनू गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, रमेशचंद्र, मनीष कुमार आदि ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर चेतावनी दी यदि एक सप्ताह में खोदी गई गलियों का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो लाल कुआं चौक के समीप अनशन एवं भूख हड़ताल की जाएगी।
पाइपलाइन के कारण गलियों के खोदने के बाद उनका निर्माण नहीं कराए जाने की शिकायत मिली है। समस्या का शीघ्र ही समाधान कराया जाएगा।
रामौतार रमन
नगर आयुक्त फीरोजाबाद।