नगरपालिका-स्टेट बैंक मार्ग के बीच सड़क पर गिरा पड़ा पेड़। स्रोत संवाद
- फोटो : नगरपालिका-स्टेट बैंक मार्ग के बीच सड़क पर गिरा पड़ा पेड़। स्रोत संवाद
शिकोहाबाद। नगरपालिका-स्टेट बैंक मार्ग पर सड़क किनारे लगा हुआ पाखड़ का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के बराबर से होकर गुजर रहे बिजली के तार एवं पोल टूट गए। एक स्कूटी सवार स्कूटी छोड़कर भाग निकला। वहीं एक बाइक तथा एक लोडर वाहन पेड़ गिरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हादसे में एक दुकान में भी नुकसान हुआ है।
शहर की नई बस्ती के पास बिजली विभाग में तैनात संविदा लाइनमैन बृजेश का घर है। उसके घर के पास में ही एक विशालकाय पाखड़ का पेड़ लगा हुआ था। घर के बाहर वह एक छोटी सी दुकान भी संचालित करता है। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे विशालकाय पेड़ टूटकर गिरा। बिजली के तार और पोल भी टूट गए। पेड़ से बृजेश की दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय एक स्कूटी सवार वहां से गुजर रहा था, जोकि स्कूटी छोड़कर भाग निकला। इस हादसे में एक बाइक, एक लोडर वाहन, दुकान के अलावा बिजली विभाग को भी नुकसान हुआ है। बिजली विभाग के कर्मचारियों एवं वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी गई है। सूचना पर पहुंचे एसडीओ हरि सिंह ने आपूर्ति को रोककर बिजली के तारों एवं पोल को सही कराने का काम किया। वहीं वन क्षेत्राधिकारी श्यामू सिंह के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने पेड़ की टहनियों को काटकर आवागमन के लिए मार्ग को सुचारू किया।