फिरोजाबाद। पेयजल आपूर्ति का मुख्य स्रोत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) सैलई पर रविवार को फिर बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब आठ घंटे बंद रहा। डब्ल्यूटीपी बंद होने के कारण शाम की पाली में शहर की अधिकांश आबादी में पानी की सप्लाई बाधित रही।
आसफाबाद क्षेत्र में मरम्मत कार्य के चलते सैलई स्थित डब्ल्यूटीपी सैलई प्लांट की बिजली सप्लाई में रविवार को कट लग गया। सुबह करीब आठ से शाम करीब सात बजे तक डब्ल्यूटीपी पर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। लगातार आठ घंटे डब्ल्यूटीपी प्लांट बंद होने का असर शहरी क्षेत्र में पानी सप्लाई पर भी पड़ा। हनुमान जलाशय, विभवनगर, सत्यनगर टापा कलां, गढै़या मोहल्ला, रसूलपुर और आसफाबाद स्थित पानी की टंकियां नहीं भर पाईं। यही कारण रहा कि रविवार की शाम को अधिकांश भाग में जेड़ाझाल परियोजना से होने वाली पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप रही। निगम के जलकल सूत्रों के मुताबिक लगातार आठ घंटे प्लांट बंदी का असर सोमवार को भी जलापूर्ति पर पड़ेगा। सोमवार को भी शहर में पानी की किल्लत होने की आशंका है।
डब्ल्यूटीपी सैलई पर रविवार को करीब आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। प्लांट बंद रहने के कारण शहर में पानी की टंकियां नहीं भर पाईं।सोमवार को जलापूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है। किल्लत वाले क्षेत्रों में टेंकरों से पानी की सप्लाई को कहा गया है। - तारकेश्वर पांडेय, एक्सईएन जलकल