शिकोहाबाद। जालसाज ने खाली प्लॉट का धोखाधड़ी से अलग-अलग स्थानों पर बैनामा कर दिया। पीड़िता ने न्यायालय के आदेश पर थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत गांव ततारपुर निवासी ममता देवी का आरोप है कि उसने गत अप्रैल 2019 में धर्मेन्द्र सिंह निवासी 205, मंदिर के पास मोहल्ला खेड़ा, शिकोहाबाद से प्लॉट का बैनामा कराया था। निर्माण कराने पर धोखाधड़ी की जानकारी हुई। आरोप है कि धर्मेन्द्र सिंह की पत्नी एवं उसके छोटे भाई वीनेश की पत्नी ने मिलकर इस खाली प्लॉट का अन्य लोगों के नाम भी धोखाधड़ी से बैनामा कर दिया है।
पीड़िता ने घटना की शिकायत गत 17 मई 2024 को थाना शिकोहाबाद पुलिस से की, तो आरोपी ने तत्कालीन इंस्पेक्टर के समक्ष खाली प्लॉट की पूरी कीमत वापस करने का वादा किया। राजीनामा पत्र पर आरोपी की बहन अनीता एवं सुनीता के भी हस्ताक्षर हैं। अब सभी आरोपी रुपये देने से इनकार कर रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर थाना शिकोहाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।