- विद्युत विभाग की मनमानी के कारण सड़क पर उतरे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
मक्खनपुर। एक तरफ सरकार बेहतर विद्युत आपूर्ति का दावा कर रही है तो दूसरी तरफ क्षेत्र में हाल बेहाल है। रूपसपुर विद्युत फीडर के अंतर्गत आने वाले अंगदपुर गांव में बीते दस दिनों से ट्रांसफॉर्मर फुंका पड़ा है, ग्रामीणों के शिकायत के बाद भी अभी तक उसे बदला नहीं गया। ऐसे में शाम होते ही पूरे गांव में अंधेरा छा जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि उमस भरी गर्मी से हम लोग परेशान है। शिकायत के बाद भी खराब पड़ा ट्रांसफॉर्मर अभी तक नही बदला गया। ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
बृहस्पतिवार को गांव के लोग समस्या का समाधान न होने पर सड़क पर उतर गए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने की मांग की। ग्रामीण प्रताप सिंह का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर जलने की सूचना तत्काल 1912 हेल्पलाइन नंबर पर दी गई थी, लेकिन विद्युत विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि गांव के कई लोग रूपसपुर विद्युत उपकेंद्र पर भी जाकर अवगत करा चुके हैं। जेई प्रेम किशोर को पांच बार शिकायत की, लेकिन उन्होंने भी कोई संज्ञान नहीं लिया। ग्रामवासियों का कहना है कि बिजली की समस्या के चलते न तो बच्चों की पढ़ाई हो पा रही है और न ही पेयजल आपूर्ति हो रही है।
पानी के लिए हैंडपंप और मोटर पर निर्भर है, लेकिन बिजली न होने से स्थिति बदतर होती जा रही है। गांव के पूर्व प्रधान कमलेश कुमार ने कहा कि विभाग की लापरवाही के चलते पूरा गांव अंधकार में डूबा है, लेकिन किसी अधिकारी ने अब तक सुध नहीं ली है। विरोध करने वालों में सुकन सिंह, प्रेमचंद, उदयवीर सिंह, परम सिंह, हेम सिंह, रामगोपाल, हरिओम, प्रताप सिंह, राजेश कुमार, अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।