नई दिल्ली में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से देरी से पहुंचीं ट्रेनें
- इंतजार में परेशान रहे रेलयात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। बृहस्पतिवार रात्रि दिल्ली में हुई जोरदार बारिश से रेल यातायात पर असर पड़ा है। रेल लाइनों में पानी भरने से कई ट्रेनें देरी से चलीं। ट्रेनों के देरी से आने पर टूंडला स्टेशन पर रेलयात्री ट्रेनों को इंतजार में परेशान रहे।
मानसून की पहली दस्तक ही रेल संचालन पर भारी पड़ी है। बृहस्पतिवार रात्रि से शुक्रवार दोपहर तक हुई भारी बारिश के चलते नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन पर पानी भर गया। रेल ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। कई ट्रेनों को नई दिल्ली स्टेशन से ही देरी से चलाया गया।
इसके चलते महाबोधी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, बिहार संपर्कक्रांति एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें एक से डेढ़ घंटे देरी से टूंडला पहुंची। ट्रेनों के देरी से आने पर रेलयात्रियों को टूंडला स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। रेलयात्री ट्रेनों के देरी से चलने पर परेशान नजर आए।