जैन मंदिर तिराहा स्थित ट्रामा सेंटर सर्विस रोड पर जाम में फंसी दो एंबुलेंस। संवाद
- फोटो : जैन मंदिर तिराहा स्थित ट्रामा सेंटर सर्विस रोड पर जाम में फंसी दो एंबुलेंस। संवाद
फिरोजाबाद। सीएल जैन कॉलेज से एसपी सिटी कार्यालय तक बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। जैन मंदिर तिराहा पर दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ मरीजों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सीएल जैन कॉलेज से एसपी सिटी कार्यालय तक निर्माणाधीन ओवरब्रिज के चलते जैन मंदिर तिराहा पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दोनों ओर बनी सर्विस रोड पर वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। खासकर जिला अस्पताल की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर स्थिति काफी विकराल बनी रहती है। शुक्रवार को ट्रॉमा सेंटर जा रही दो एंबुलेंस जाम में काफी देर तक फंसी रही। एंबुलेंस में मौजूद मरीज कराहते रहे और तीमारदारों की चिंता बढ़ती रही। वहीं, ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी जाम से राहगीरों को निजात दिलाने में असहाय नजर आते है। वहीं, राहगीर भी मार्ग बदलकर जाने को मजबूर हुए। राहगीरों का मानना है कि जिला अस्पताल के गेट नंबर एक को खोल दिया जाएं, जिससे छोटे वाहन अंदर होकर निकल सकते है। वहीं, जाम से भी कुछ राहत मिल सकती है।