उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारीलाल कंछल के साथ अधिवक्ताओं द्वारा मारपीट के विरोध में बाजार बंद के आह्वान का सुहागनगरी में असर नजर नहीं आया। व्यापारी नेताओं की आपसी रार के कारण बाजार खुला रहा। जिला इकाई के नेता शहर के स्थान पर ग्रामीण बाजारों में सक्रिय नजर आए।
बाजार बंदी के एक दिन पूर्व जिलाध्यक्ष बीएस गुप्ता एवं महानगर के अध्यक्ष मनोज गुप्ता के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बंदी के होर्डिंग्स और बैनर उतार दिए और बंदी स्थगित कर दी।
गुरुवार सुबह बाजार बंदी को दुकानदार आशंकित रहे। सदर बाजार के अधिकांश दुकानदारों ने तो सुबह दस बजे तक आधा शटर खोला। व्यापारियों को चिंता सताती रही कि कहीं जुलूस न निकले लेकिन 11 बजे तक समूचा बाजार पूरी तरह से खुल गया।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बीएस गुप्ता ने कहा प्रांतीय आह्वान पर तहसील टूंडला, शिकोहाबाद, जसराना, पाढ़म, मक्खनपुर,फरिहा, हाथवंत, कोटला, एका, सिरसागंज के बाजार बंद रहे। डीएम को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष बीएस गुप्ता, महामंत्री अनिल मैनेजर, प्रांतीय मंत्री पवन दीक्षित, संगठन मंत्री मुनव्वर खान, युवा अध्यक्ष वेंकट मुरवारिया, पंकज गुप्ता, प्रवीन गुप्ता शामिल थे। वहीं महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने एडीएम कर्मेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। उनके साथ महामंत्री आमिर नवाज, अमित अग्रवाल,विजय टाइगर एवं उदय गुप्ता शामिल थे।