इलाहाबाद हाईकोर्ट बेंच की आगरा में स्थापना को लेकर बार एसोसिएशन फीरोजाबाद की ओर से दीवानी परिसर से जुलूस निकालकर हाईवे जाम किया गया। अधिवक्ता हाईवे पर धरना देकर बैठ गए। यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बाधित हो गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के कारण न्यायालय परिसर को छावनी के रुप में तब्दील कर दिया गया था। सीओ सदर प्रशांत कुमार के साथ सिटी, सदर और शिकोहाबाद थानाध्यक्षों के साथ काफी संख्या में पुलिस बल के साथ पीएसी को तैनात किया गया। करीब आधा घंटे तक हाईवे जाम होने पर सीओ सदर ज्ञापन लेने पहुंचे तो बार अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने साथी अधिवक्ताओं के साथ एसडीएम को बुलाने की मांग की। इस पर एसडीएम सदर विजय सिंह पहुंच गए। बार अध्यक्ष और पदाधिकारियों द्वारा एसडीएम सदर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आगरा में खंडपीठ स्थापना की मांग। इसके बाद वकीलों ने जाम खोल दिया। जेपी शर्मा, अचल सिंह राठौर, प्रभात नगीना, अशोक कुमार, प्रभात अग्रवाल, अजय ओझा, धर्म सिंह यादव, इत्याख अली, हरीश तैलंग आदि मौजूद थे।