फिरोजाबाद। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह आज यानी रविवार को करोड़ों रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सदर स्थित गोपाल आश्रम परिसर में कार्यक्रम होगा।
गोपाल आश्रम में 156.35 लाख रुपये की लागत से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा श्री चिंतामणि मंदिर, चंदवाड़ में 15.32 लाख रुपये से हुए सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं, जनपद के विभिन्न स्थानों पर 297.15 लाख रुपये की लागत से लगाए गए सूचना पट्टों (साइनेज) का उद्घाटन करेंगे।
लोकार्पण के साथ-साथ मंत्री जयवीर सिंह नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसमें छदामी लाल जैन मंदिर में 128.32 लाख रुपये और पसीने वाले हनुमान जी मंदिर में 100.03 लाख रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर और नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर मौजूद रहेंगी।